गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए एकीकृत नियंत्रण कक्ष शुरू, 2000 कैमरों से निगरानी

गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए एकीकृत नियंत्रण कक्ष शुरू, 2000 कैमरों से निगरानी 

65 एंबुलेंस, 25 से अधिक स्वास्थ्य शिविर और 200 से ज्यादा बेड आरक्षित; श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं को बताया नंबर वन

ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर: पवन सूर्यवंशी

गाजियाबाद। सावन कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और सिविल डिफेंस की ओर से मेरठ रोड तिराहे पर एकीकृत नियंत्रण कक्ष का औपचारिक शुभारंभ किया गया। नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त गाजियाबाद से होकर गुजरते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी और आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए एकीकृत नियंत्रण कक्ष महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विभिन्न विभागों की हेल्पलाइन सेवाओं को भी एक मंच से संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जनपद में स्थापित करीब 2000 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कांवड़ मार्ग, मुरादनगर गंगनहर क्षेत्र, राष्ट्रीय राजमार्ग-58 और श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर सहित प्रमुख स्थानों पर निगरानी की जा रही है। नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यकता के अनुसार तत्काल निर्णय लिए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं के भी व्यापक इंतजाम

कांवड़ यात्रियों के लिए 65 एंबुलेंस, 25 से अधिक स्वास्थ्य शिविर और 200 से अधिक बेड आरक्षित किए गए हैं। स्वास्थ्य शिविरों में प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। जलभराव वाले क्षेत्रों में जेट पंपों के जरिए तत्काल जल निकासी की व्यवस्था की गई है। साथ ही पूरे कांवड़ मार्ग को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और भंडारों में पर्यावरण अनुकूल सामग्री के इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

नगर निगम की ओर से लगाए गए सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने शिविर का निरीक्षण किया और कांवड़ यात्रियों से संवाद भी किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि गाजियाबाद में कांवड़ियों के लिए नंबर वन व्यवस्थाएं हैं।

जिलाधिकारी ने स्वयं कांवड़ यात्रियों को भोजन परोसा और अधिकारियों को व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

10 अगस्त को पांच प्रमुख स्थानों पर होगी पुष्प वर्षा

जिलाधिकारी ने बताया कि 10 अगस्त को जनपद के पांच प्रमुख स्थानों पर कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर विकास कश्यप, नगर मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी, सिविल डिफेंस के अनिल अग्रवाल, दिव्यांशु सिंघल, दीपक अग्रवाल, राजेन्द्र शर्मा सहित नगर निगम, पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: पवन सूर्यवंशी, ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर

ये भी पढ़ें डासना क्षेत्र में GDA की बड़ी कार्रवाई, 44 हजार वर्गमीटर भूमि से हटाए अवैध निर्माण

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें