विजयनगर में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़,जवाबी फायरिंग में अमन के पैर में लगी गोली, अरुण गिरफ्तार,दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद; घायल आरोपी जिला अस्पताल भेजा गया
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर


गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ के निर्देशन में विजयनगर थाना पुलिस ने सोमवार देर रात वांछित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथी को मौके से दबोच लिया।सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर (कार्यवाहक) जियाउद्दीन अहमद के अनुसार, थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह एवं पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि थाना विजयनगर में 17 अगस्त 2026 को दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 446/26 में वांछित आरोपी दोबारा किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में निकले हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने सीएचएसपी स्कूल के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया।पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अमन के पैर में गोली लग गई। वहीं उसके साथी अरुण को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने की बात कही है। घायल आरोपी अमन को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में दर्ज मुकदमे में वांछित थे और दोबारा घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।












