प्रतापगढ़ के लाल डॉ. स्वदेश सिंह को भाजपा ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़। कंधई थाना क्षेत्र के साल्हीपुर कंजास गांव निवासी डॉ. स्वदेश सिंह को भाजपा ने संगठन में राष्ट्रीय मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। राष्ट्रीय स्तर पर दायित्व मिलने की खबर से उनके पैतृक गांव समेत पूरे कंधई क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों, शुभचिंतकों और समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. स्वदेश सिंह की प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ में हुई। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर हैं। इसके साथ ही वह भाजपा की राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता, कार्यशैली और योगदान को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. स्वदेश सिंह के पिता स्वर्गीय त्रिलोचन सिंह पत्रकार थे, जबकि माता सुमन सिंह हैं। उनके चाचा लेखपाल पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। डॉ. स्वदेश सिंह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर हैं। उनके बड़े भाई एक कंपनी में इंजीनियर हैं, जबकि छोटे भाई दीपक सिंह लखनऊ उच्च न्यायालय में अधिवक्ता हैं।
भाजपा में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिलने पर साल्हीपुर कंजास गांव सहित पूरे कंधई क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। लोगों ने इसे प्रतापगढ़ के लिए गौरव का विषय बताते हुए डॉ. स्वदेश सिंह को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।












