कासगंज में मैक्स पिकअप और ट्रक की भिड़ंत, 3 की मौत; 23 घायल
मंडल संवाददाता अमित चौहान कासगंज। कोतवाली क्षेत्र में मोहनपुरा से पूर्व शिव इंटर कॉलेज, काँतोर स्कूल के सामने सोमवार को मैक्स पिकअप और ट्रक की भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय कासगंज भिजवाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैक्स पिकअप वाहन संख्या RJ-02GB-4482 में कुल 26 लोग सवार थे। वाहन में 7 बच्चे, 8 महिलाएं और 8 पुरुष सवार थे, जो राजस्थान के जनपद करौली से सोरों की और जा रहे थे। इसी दौरान मोहनपुरा के शिव इंटर कॉलेज, काँतोर के पास ट्रक संख्या RJ-36GB-1404 से पिकअप की टक्कर हो गई।
हादसे में अब तक तीन लोगों – दो पुरुष और एक महिला-की मूत्यु की सूचना है। वहीं घायल 23 लोगों को तत्काल जिला चिकित्सालय कासगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना के बाद मौके और जिला अस्पताल में उच्च अधिकारी मौजूद हैं। पुलिस-प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य कराया गया। फिलहाल शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।











