ताप्ती परिसर में 10 दिवसीय गणेश उत्सव का भव्य समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी

ताप्ती परिसर में 10 दिवसीय गणेश उत्सव का भव्य समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी

संवाददाता संतोष यादव | इंदौर

इंदौर के ताप्ती परिसर के 1-BHK क्षेत्र में भगवान श्री गणेश जी की भव्य प्रतिमा के आगमन के साथ शुरू हुआ 10 दिवसीय गणेश उत्सव श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिवाजी राजे युवा संगठन एवं हिंदू उत्सव समिति द्वारा पूरे उत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं मनोरंजन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

शिवाजी राजे संगठन के अध्यक्ष श्री राम जी पवार ने बताया कि दस दिनों तक ताप्ती परिसर में गणपति महाराज के प्रति श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिदिन विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

उत्सव के दौरान रोजगार, स्वरोजगार, नवाचार एवं नए कार्यों को प्रोत्साहित करने वाले विभिन्न भव्य स्टॉल भी लगाए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं और नए विचारों को आगे बढ़ने का अवसर मिला।

उत्सव के अंतिम दिवस पर विधायक श्री मधु वर्मा का भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही ढोल-नगाड़ों के बीच भगवान श्री गणेश जी की मनमोहक आरती और विशाल महाभंडारे का आयोजन हुआ। आयोजकों के अनुसार, भंडारे में लगभग 4 से 5 हजार श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।

इसके बाद भगवान श्री गणेश जी की भव्य विसर्जन यात्रा ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय वातावरण के साथ निकाली गई। परिसरवासियों ने भावुक होकर गणपति बप्पा को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की मंगलकामना की।

आयोजकों ने गणेश उत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ताप्ती परिसर के नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं, बच्चों, वरिष्ठजनों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। शिवाजी राजे युवा संगठन एवं हिंदू उत्सव समिति ने कहा कि भविष्य में भी परिसर में सामाजिक, धार्मिक और रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन इसी प्रकार जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें