कुंडा में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
संवाददाता बृजेंद्र शर्मा प्रतापगढ़। कुंडा थाना क्षेत्र के मलाका तारा जमेठी गांव में बुधवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान रोहनी मिश्रा उर्फ अंतिम मिश्रा (25) के रूप में हुई है। मृतका के पिता गंगा सागर मिश्रा निवासी चरन मित्र का पुरवा, थाना हथिगवां ने कुंडा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी की शादी फरवरी 2025 में आकाश मिश्रा निवासी मलाका तारा, जमेठी के साथ हुई थी।
तहरीर में पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही बेटी के ससुराल पक्ष के लोग दहेज में रुपये-पैसे की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। पिता के मुताबिक बेटी फोन पर उन्हें इसकी जानकारी देती थी।
पिता का कहना है कि 30 सितंबर 2026 को उन्हें बेटी के कमरे में फांसी लगाने की सूचना मिली। परिजनों के साथ मौके पर पहुंचने पर विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने पति आकाश मिश्रा, सास मंजू मिश्रा और ससुर अनिरुद्ध कुमार मिश्रा उर्फ अंशु मिश्रा पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।

परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो सकेगी।












