दहेज हत्या के मामले में सास-ससुर गिरफ्तार, दो मोबाइल बरामद
संवाददाता बृजेंद्र शर्मा कुंडा, प्रतापगढ़। थाना कुंडा पुलिस ने दहेज हत्या के अभियोग में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गंगा सागर मिश्रा की तहरीर पर मु0अ0सं0 377/2026 में बीएनएस की धारा 85/80(2) तथा 3/4 डीपी एक्ट के तहत आकाश मिश्रा, मंजू मिश्रा और अनिरुद्ध कुमार मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में आरोप लगाया गया कि मृतका रोहनी मिश्रा उर्फ अंतिमा मिश्रा (25) का विवाह फरवरी 2025 में मलाका तारा निवासी आकाश मिश्रा से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। 30 सितंबर 2026 को उसके फांसी लगाने की सूचना मिली।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना कुंडा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंजू मिश्रा (46) पत्नी अनिरुद्ध कुमार मिश्रा उर्फ अंशु मिश्रा तथा अनिरुद्ध कुमार मिश्रा उर्फ अंशु मिश्रा (48) को ग्राम मलाका तारा जमेठी के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, अनिरुद्ध कुमार मिश्रा के कब्जे से एक इनफिनिक्स मोबाइल फोन और मंजू मिश्रा के पास से एक लावा मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके अलावा फील्ड यूनिट प्रतापगढ़ से मृतका से संबंधित पीली साड़ी, स्पॉट मेमो, एक मोबाइल फोन, एक कॉपी और एक कलम भी प्राप्त कर दाखिल किया गया।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के साथ कांस्टेबल आशुतोष यादव, रिजर्व कांस्टेबल दिलीप यादव, रिजर्व महिला कांस्टेबल प्रीती कुमारी, महिला कांस्टेबल वंदना यादव और चालक कांस्टेबल अभिमन्यु सिंह शामिल रहे।












