गाजियाबाद: 17 और 24 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप, नए मतदाताओं के बनेंगे वोट
जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांडड़ की अपील—मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से न छूटे कोई पात्र नागरिक
पवन सूर्यवंशी | ब्यूरो चीफ, ऑल एनसीआर
गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत गाजियाबाद जनपद में 17 और 24 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत पंजीकरण से छूटे हुए नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मांडड़ ने बताया कि विशेष कैंप के दौरान प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां पात्र नागरिकों को फार्म-6 भरने में सहायता प्रदान की जाएगी।
जरूरी दस्तावेज साथ लेकर पहुंचें
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें। इसके लिए नागरिक अपने फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां साथ लेकर आएं। परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) की संख्या उपलब्ध होने पर उसे भी साथ लाने की सलाह दी गई है।
कैंपों की होगी निगरानी
विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित अधिकारी विशेष कैंपों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं तथा अभियान की प्रगति पर नजर रखेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दोनों निर्धारित तिथियों पर कैंप समय से आयोजित किए जाएं और पात्र नागरिकों को पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।












