उज्जैन में मार्ग चौड़ीकरण को मिली रफ्तार, 82 भवन स्वामियों को 14.82 करोड़ रुपये मुआवजे की मंजूरी
संवाददाता संतोष यादव उज्जैन
सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन शहर में प्रमुख आंतरिक मार्गों के चौड़ीकरण कार्यों से प्रभावित भवन स्वामियों को बड़ी राहत मिली है। नगर पालिक निगम के विशेष सम्मेलन में 82 भवन स्वामियों के 16 प्रकरणों में कुल 14 करोड़ 82 लाख 3 हजार 920 रुपये की मुआवजा राशि सर्वसम्मति से स्वीकृत की गई। नगर निगम का विशेष सम्मेलन पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, छत्रपति शिवाजी भवन में सभापति श्रीमती कलावती यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें महापौर श्री मुकेश टटवाल, नेता प्रतिपक्ष श्री रवि राय, प्रभारी निगम आयुक्त डॉ. नेहा जैन सहित निगम के अधिकारी, पार्षद एवं नामनिर्दिष्ट पार्षद उपस्थित रहे। सम्मेलन की शुरुआत वंदे मातरम् गान से हुई। इसके बाद 21 जुलाई 2026 को आयोजित विशेष सम्मेलन के कार्यवृत्त की पुष्टि सर्वसम्मति से की गई। सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण से प्रभावित भवन स्वामियों को मुआवजा देने के प्रस्ताव पर सदन ने सर्वसम्मति से मुहर लगा दी। वहीं, दूसरे प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पार्षद श्रीमती नीलम राजा कालरा ने पूर्व में स्वीकृत 30 करोड़ रुपये के ऋण और पुनः 15 करोड़ रुपये का ऋण लेने की आवश्यकता को लेकर जानकारी मांगी। चर्चा के बाद सदन ने 25 अक्टूबर 2024 के ठहराव क्रमांक-52 में स्वीकृत 30 करोड़ रुपये की राशि को संशोधित करते हुए अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों से 15 करोड़ रुपये का ऋण लेने की स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही एमआईसी क्रमांक-84, दिनांक 03 जुलाई 2026 को निरस्त कर दिया गया।
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच लिए गए इन निर्णयों को शहर के विकास और मार्ग चौड़ीकरण कार्यों की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












