एटा : यातायात जागरूकता माह के तहत चला जागरूकता अभियान, ट्रैफिक नियमों का पालन करने की दी गई सीख, समाजसेवी डॉ. ब्रजेश यादव रहे मौजूद
संवाददाता योगेंद्रसिंह 


एटा में यातायात जागरूकता माह नवम्बर 2026 के तहत जनपद एटा में शनिवार को आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए एक छोटा सा प्रयास किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को सड़क पर सुरक्षित चलने के लिए प्रेरित करना और यातायात नियमों के पालन का महत्व समझाना था।इस दौरान लोगों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं और मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन न चलाएं। साथ ही पैदल चलने वाले लोगों को भी सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई।कार्यक्रम में जनहित व परोपकारी कार्यों के लिए सदा समर्पित रहने वाले समाजसेवी डॉ. ब्रजेश यादव की विशेष सहभागिता रही। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में हर वर्ष हजारों लोगों की जान चली जाती है। थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन करके हम स्वयं को और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।डॉ. ब्रजेश यादव ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति नियमों का पालन करने लगे तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी आ सकती है। उन्होंने बच्चों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सीख दी।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में यातायात नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी जागरूक करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई












