एटा में विस्फोट: दुकानों में रखे विस्फोटक से धमाका, छह दुकानें क्षतिग्रस्त, सतर्कता से टला बड़ा हादसा
संवाददाता योगेंद्र सिंह एटा। जनपद एटा के धूमरी चौकी क्षेत्र के कस्बा स्थित मार्केट में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दुकानों में रखे विस्फोटक पदार्थ में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और देखा कि मार्केट की छह दुकानें धराशाई हो चुकी हैं तथा दुकानों से आग की ऊँची-ऊँची लपटें निकल रही हैं।
सूचना मिलते ही धूमरी चौकी प्रभारी संदीप राणा पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति इतनी गंभीर थी कि आग पर काबू नहीं पाया जा सका। बाद में फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आग ने पास की अन्य दुकानों और इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस विस्फोट में छह दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। दुकानों के लेंटर व दीवारें टूट चुकी हैं और आसपास के कई मकानों में भी दरारें आ गई हैं। राहत की बात यह रही कि किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि धूमरी चौकी इंचार्ज संदीप राणा की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विस्फोट कैसे हुआ और विस्फोटक सामग्री चोरी-छुपे दुकानों में किसने रखी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि दोषियों को जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें एटा मेडिकल कॉलेज को स्थायी प्राचार्य मिलने से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद












