स्पेशल टीम का जलवा – महज़ 7 घंटे में हत्या का खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार
प्रतापगढ़। अपराधियों के लिए प्रतापगढ़ ज़मीन अब और सख्त होती जा रही है। नवागत पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की सख़्त निगरानी और उनके निर्देशन में काम कर रही स्पेशल टीम ने एक बार फिर अपराधियों की नींद उड़ा दी है। मांधाता थाना क्षेत्र के भागू का पुरवा पीपर ताली में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने केवल 7 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।
आरोपी निकला महिला का पति
पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे कोई और नहीं बल्कि मृतका का पति ही हत्यारा निकला। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके में सुराग जुटाए और वैज्ञानिक तरीके से की गई पड़ताल ने पूरा राज़ खोल दिया। फिलहाल आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ जारी है और आने वाले समय में इस मामले से जुड़े कई अहम राज़ और कारण सामने आ सकते हैं।
टीम ने फिर साबित किया दम
इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह और हेड कांस्टेबल महेश सिंह के नेतृत्व में काम कर रही स्पेशल टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। यह वही टीम है जिसने पूर्व में भी कई सनसनीखेज अपराधों का पर्दाफाश किया है। चोरी, लूट से लेकर हत्या जैसे मामलों में इस टीम ने हमेशा त्वरित कार्रवाई की है। यही वजह है कि यह टीम अब SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) से भी आगे साबित हो रही है।
जनता में भरोसा, अपराधियों में खौफ़
पूर्व एसपी डॉ. अनिल कुमार ने इस स्पेशल टीम का गठन किया था। उनकी मंशा थी कि जिले में अपराधों पर तत्काल नकेल कसी जाए और जनता को भरोसा दिलाया जाए। अब वर्तमान एसपी दीपक भूकर भी इस टीम पर पूरा भरोसा जता रहे हैं और लगातार इसे अहम जिम्मेदारियाँ सौंप रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की त्वरित कार्रवाई ने पुलिस पर उनका भरोसा और मजबूत किया है। वहीं अपराधियों में दहशत का माहौल साफ दिखाई दे रहा है।
आगे की जांच में खुल सकते हैं नए राज़
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण घरेलू विवाद प्रतीत हो रहा है, लेकिन पूछताछ और गहराई से जांच के बाद कई और पहलू उजागर हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें सड़क हादसे में युवा पत्रकार सचिन मिश्रा की मौत, परिजनों व पत्रकार जगत में छाया मातम












