एटा : जुमे की नमाज से पहले एसएसपी ने पुलिस बल संग किया पैदल मार्च
संवाददाता योगेंद्र सिंह
एटा। शुक्रवार को जुमे की नमाज से पहले शहर में सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्याम नारायण सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान शहर की मुख्य सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस का पूरा लाव-लश्कर तैनात रहा। पैदल मार्च जीटी रोड, ठंडी सड़क, कैलाश गंज समेत शहर के कई भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। अचानक हुए इस पैदल गश्त से जहां आमजन में सुरक्षा का भरोसा जगा, वहीं असामाजिक तत्वों में खौफ का माहौल देखने को मिला। इस पैदल मार्च में एसएसपी के साथ एडिशनल एसपी राजकुमार सिंह, सीओ सिटी/सदर संजय सिंह, सीओ सकीट कृतिका सिंह और अंडर ट्रेनिंग सीओ अवनीश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रहा। पूरे मार्च के दौरान अधिकारी पैदल चलकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।एसएसपी ने कहा कि पुलिस का मकसद आमजन को सुरक्षा का एहसास कराना है। किसी भी प्रकार की अफवाह या उपद्रव फैलाने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ संदेश दिया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस सक्रियता का स्वागत किया और कहा कि ऐसे गश्त से त्योहारों और विशेष मौकों पर शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहता है।












