रुपयों के विवाद के बीच दौड़े पिता की बिगड़ी हालत, मेडिकल कॉलेज में हुई मौत
संवाददाता योगेंद्र सिंह
एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के गांव जिन्हेरा में शुक्रवार को रुपये के लेन-देन के विवाद के बीच बड़ा हादसा हो गया। बेटे और गांव के ही कुछ लोगों के बीच हुए पैसों के विवाद की सूचना मिलते ही पिता अचानक घबराकर मौके की ओर दौड़े। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें एटा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। गांव में भंडारा चल रहा था। मृतक पिता वहां पूड़ी सेंकने का काम कर रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि बेटे का गांव के ही नामजद लोगों से पैसों को लेकर विवाद हो गया है। यह सुनते ही वह तत्काल मौके की ओर दौड़े, लेकिन रास्ते में ही उनकी तबीयत बिगड़ गई डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित करने के बाद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पाकर मिरहची थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।












