दीपावली से पहले जिला प्रशासन अलर्ट
संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार
एटा। पटाखा गोदामों का निरीक्षण, सख्त हिदायतें जारी
जैसे-जैसे दीपावली का त्योहार नजदीक आ रहा है, जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रिय हो गया है। त्योहार पर बढ़ती मांग के चलते पटाखों के भंडारण और बिक्री के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना से बचाव के लिए अधिकारियों ने पटाखा गोदामों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। सकीट थाना क्षेत्र स्थित सेठ जी पटाखेवाले के गोदाम पर शनिवार को प्रशासनिक टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी (SDM) विपिन कुमार मोरल, क्षेत्राधिकारी (CO) कृतिका सिंह और थाना प्रभारी राजकुमार सिंह समेत पुलिस फोर्स मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। पटाखा गोदाम में स्टॉक की मात्रा, भंडारण की व्यवस्था और अग्निशमन साधनों की उपलब्धता की जांच की गई। अधिकारियों ने गोदाम संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों का पालन हर हाल में किया जाए, किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, तय सीमा से अधिक पटाखों का भंडारण न करने और उचित वेंटिलेशन एवं अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए। CO कृतिका सिंह ने कहा कि दीपावली के समय पटाखों की बिक्री और भंडारण बढ़ जाता है, ऐसे में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन जरूरी है। यदि कहीं भी लापरवाही पाई गई तो तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पुलिस टीम ने आसपास के इलाके का भी निरीक्षण कर लोगों को सुरक्षा को लेकर जागरूक किया। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही पटाखे खरीदें और बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें।












