राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु एसएसपी एटा का निरीक्षण
संवाददाता योगेंद्र सिंह
एटा, 12 अक्टूबर 2025।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्याम नारायण सिंह ने आज अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। यह निरीक्षण राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा०) परीक्षा–2025 तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा०) परीक्षा–2025 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के दृष्टिगत किया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का परीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों को पूर्ण सतर्कता, सजगता एवं अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। आज दिनांक 12 अक्टूबर 2025 (रविवार) को यह परीक्षा दो पालियों में —
प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक एवं
द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक —
जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि परीक्षा को निर्विघ्न, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्वक संपन्न कराने के लिए संपूर्ण पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक स्तर पर सतर्कता, आत्मानुशासन एवं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज के दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन हेतु आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।












