वाराणसी में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़े ट्रक में जा घुसी वैगनआर, एक की मौत, पांच घायल
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के बेलवा बाबा गोदाम के पास तड़के सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार वैगनआर कार (संख्या BR-05 W-5834) जा घुसी। हादसे में कार में सवार 65 वर्षीय अवध किशोर चौबे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैगनआर काफी तेज रफ्तार में थी और चालक सड़क किनारे खड़े ट्रक को देख नहीं पाया, जिससे कार सीधे पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतक और सभी घायल बिहार के चंपारण जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने ट्रक और कार दोनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।












