जनपद एटा के अलीगंज मार्ग पर हुआ भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कैंटर पलटने से मचा हड़कंप

जनपद एटा के अलीगंज मार्ग पर हुआ भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कैंटर पलटने से मचा हड़कंप

संवाददाता योगेंद्र सिंह

एटा। रविवार की सुबह जनपद के बागवाला थाना क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार कैंटर ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, क्रेटों से भरी कैंटर एटा से अलीगंज की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन रामपुर गांव के पास पहुंचा, उसी दौरान उसने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी बीच सड़क पर सामने से आ रहे वाहन को देखकर चालक घबरा गया और कैंटर पर नियंत्रण खो बैठा। नतीजतन कैंटर पलट गया और सड़क के बीचोंबीच जा अटका। हादसे की सूचना मिलते ही बागवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को बाहर निकालकर एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए एटा-अलीगंज मार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से कैंटर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सामान्य कराया गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। लोगों ने प्रशासन से इस सड़क पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें