मैनपुरी में नाबालिग के अपहरण का मामला: रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी फरार, पुलिस ने दिल्ली से किशोरी को किया बरामद
संवाददाता – पंकज मिश्रा
मैनपुरी। किशनी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सुर्खियों में है। पुलिस ने किशोरी को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है, लेकिन घटना में शामिल दोनों आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। जानकारी के अनुसार, किशनी क्षेत्र की 17 वर्षीय छात्रा जो कक्षा 12 में पढ़ती है, कुछ दिन पहले बाजार गई थी। इसी दौरान कन्नौज निवासी एक युवक उसे बहाने से अपनी बाइक पर बैठाकर किशनी ले गया। वहां उसका एक दोस्त पहले से मौजूद था, जिसने किशोरी को अपने साथ दिल्ली ले जाने की योजना बनाई। किशोरी के पिता, जो पेशे से ऑटो चालक हैं, ने बेटी के लापता होने पर थाना किशनी में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने परिजनों की मदद से किशोरी को आनंद विहार, दिल्ली से बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद किशोरी के न्यायालय में धारा 161 और 164 के तहत बयान दर्ज कराए गए हैं। हालांकि, नामजद आरोपी अब तक फरार हैं। किशोरी के पिता का आरोप है कि आरोपी पक्ष उन पर समझौते का दबाव बना रहा है और जान से मारने की धमकियाँ दे रहा है। उन्होंने कहा कि कई दिन बीत जाने के बावजूद किशनी पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास को शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।












