निधौली कला में खाद की कालाबाजारी पर किसानों का हंगामा: समिति कर्मी ताला लगाकर भागे, जांच के आदेश
संवाददाता मुकेश कुमार
एटा। निधौली कला स्थित सहकारी समिति पर बुधवार को खाद की कालाबाजारी को लेकर किसानों ने जमकर हंगामा किया। किसानों का आरोप है कि वे सुबह से लाइन में लगे हुए थे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल सकी
। इससे आक्रोशित किसानों ने समिति परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की स्थिति बढ़ते देख समिति के कर्मचारी घबराकर ताला लगाकर मौके से भाग गए। इससे सुबह से खाद के इंतजार में खड़े किसान खाली हाथ लौटने को मजबूर हो गए। किसानों ने आरोप लगाया कि समिति पर आए दिन खाद की कालाबाजारी होती है और जरूरतमंद किसानों को खाद नहीं मिल पाती। किसान डोरीलाल ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से सहकारी समिति के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उनका कहना है कि समिति के कर्मचारी खाद को खुले बाजार में ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं।
इस संबंध में एआरओ कोऑपरेटिव सतीश कुमार ने बताया कि उन्हें किसानों की शिकायत मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक टीम गठित की जाएगी। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












