मारहरा में थानाध्यक्ष ने नुक्कड़ सभा कर दी नई आपराधिक संहिताओं की जानकारी: नागरिकों को अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देश पर गुरुवार को जनपद के मारहरा थाना क्षेत्र में नए आपराधिक कानूनों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत थानाध्यक्ष के.के. लोधी ने अपनी पुलिस टीम के साथ कस्बे के प्रमुख स्थानों — हैदरी चौक और रेलवे स्टेशन मारहरा पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित कीं। इन सभाओं में लोगों को भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के प्रमुख प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि नए कानून नागरिकों को अधिक अधिकार देते हैं, साथ ही उनके कर्तव्यों को भी स्पष्ट करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह कानूनों की जानकारी रखे और उनका पालन करे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से संवाद कर बताया कि ये नए कानून न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और त्वरित बनाने में मदद करेंगे। वहीं, उपस्थित लोगों ने भी कानूनों की जानकारी को उपयोगी बताते हुए पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।
इस मौके पर पुलिस कर्मियों के साथ स्थानीय गणमान्य नागरिक और व्यापारी वर्ग के लोग भी मौजूद रहे।












