एटा के सराय अगहत में दौड़ी एकता की दौड़: सरदार पटेल जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ में छात्रों व नागरिकों ने दिखाया जोश
संवाददाता अमन अहमद
एटा। भारत के लौह पुरुष और प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर बुधवार को एटा के सराय अगहत में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन थाना कोतवाली नयागांव पुलिस
द्वारा दैनिक भास्कर के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में नगर के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, बच्चों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर के इंटर कॉलेज परिसर में हुई, जहां अस्थाई थाना प्रभारी चंद्रशेखर त्रिपाठी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उपस्थित पुलिस बल, नगर के गणमान्य व्यक्तियों और छात्रों ने पुष्पांजलि अर्पित की। थाना प्रभारी ने सभी को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। ‘रन फॉर यूनिटी’ की यह दौड़ कॉलेज प्रांगण से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए हजारी बाबा मोहल्ला स्थित पंचायत भवन पर समाप्त हुई। समापन स्थल पर लोगों को सरदार पटेल के जीवन, उनके संघर्षों और देश की एकता में उनके योगदान के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर अस्थाई थाना प्रभारी चंद्रशेखर त्रिपाठी के साथ एसआई साहब सिंह, दीपक दोहरे, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल अंकित तोमर, इंद्रजीत सिंह, रोहित कुमार, पिंटू, महिला कांस्टेबल सीमा, आरती, दीपा और डॉ. करिश्मा चौधरी मौजूद रहे।
नगर के गणमान्य नागरिकों में रामसेवक शाक्य, मुनीश पाल, सुरेश दुबे, उमेश वर्मा, विजय राठौर, राजू चौहान, अंकुर मिश्रा और कौशल किशोर चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान पूरे नगर में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।












