एटा मेडिकल कॉलेज में भिड़े दो पक्ष: पट्टे की भूमि विवाद अस्पताल तक पहुंचा, इमरजेंसी वार्ड के बाहर जमकर हुई मारपीट
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड के बाहर शुक्रवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्ष पहले से ही पट्टे की भूमि में उपले और लकड़ी उठाने को लेकर विवाद में उलझे हुए थे। झगड़े के बाद घायल पक्ष मेडिकल परीक्षण कराने अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन वहां भी बात बि
गड़ गई और दोनों आपस में भिड़ गए। जानकारी के अनुसार, किशनपुर निवासी हिरदेश देवी का गांव के ही कुछ लोगों से पट्टे की भूमि में उपले और लकड़ी उठाने को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया था, जिसमें कुछ लोग घायल हुए थे। शुक्रवार को दोनों पक्ष मेडिकल परीक्षण कराने के लिए एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचे। परीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड के बाहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लात-घूंसे चलने लगे। इस मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते दिख रहे हैं। घायल हिरदेश देवी ने बताया कि वह पट्टे की भूमि में उपले लेने गई थीं, तभी दूसरे पक्ष के लोग लकड़ी उठाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने हमला कर दिया। उनका आरोप है कि अस्पताल में भी उन्हें मारा-पीटा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। कोतवाली नगर थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के विरुद्ध शांति भंग की धारा में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने विजय पुत्र महावीर सिंह (35) और पंकज पुत्र राकेश (26), दोनों निवासी किशनपुर, थाना निधौली कलां के खिलाफ कार्रवाई की है।
वहीं, निधौली कलां थाना प्रभारी जयेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था क्योंकि वह किसी कार्यवश बाहर थे।












