प्रोफेसर गिरफ्तार : शादी का झांसा देकर दो साल तक रिसर्च स्कॉलर से शारीरिक शोषण का आरोप
मंडल संवाददाता अमित चौहान
आगरा।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय की एक रिसर्च स्कॉलर ने इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंस (आईबीएस) के प्रोफेसर गौतम जैसवार पर शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। शुक्रवार को पुलिस ने लगातार दबिश के बाद आरोपी प्रोफेसर गौतम जैसवार को प्रयागराज के एक हॉस्टल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।पीड़िता का आरोप है कि Coguideship के दौरान प्रोफेसर ने पहले दोस्ती बढ़ाई, फिर शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। यह सिलसिला करीब दो साल तक चलता रहा। पीड़िता ने बताया कि प्रोफेसर पहले से शादीशुदा था, लेकिन यह बात उसने छिपाई। जब उसने शादी करने का दबाव डाला तो प्रोफेसर ने यह कहते हुए बात टाल दी कि ऐसा करने पर उसकी पीएचडी खतरे में पड़ जाएगी। छात्रा का कहना है कि जब वह मथुरा में रिसर्च कार्य के लिए गई, तब भी प्रोफेसर उसे खंदारी कैंपस स्थित अपने ऑफिस बुलाता था। 25 अक्टूबर को प्रोफेसर ने कैंपस में बुलाकर छात्रा से हाथापाई की, मोबाइल छीनने और सबूत मिटाने की कोशिश की तथा जान से मारने की धमकी दी।पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी प्रोफेसर ने उसे खजुराहो और बरसाना स्थित होटलों में बुलाकर शारीरिक शोषण किया। बाद में शादी से इनकार करते हुए उसके करियर को बर्बाद करने की धमकी दी। इसी बीच आगरा कॉलेज के एक अन्य शिक्षक पर भी शोध छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस मामले में मंडलायुक्त ने जांच रिपोर्ट तलब की है।
घटनाक्रम के बाद शुक्रवार को एबीवीपी, एनएसयूआई और छात्र संगठनों ने कैंपस में जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपी शिक्षकों की बर्खास्तगी की मांग की।












