गर्म पानी की बाल्टी में गिरने से मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा।
जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव बिजोरी में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। घर में नहाने के लिए गर्म किए गए पानी की बाल्टी में गिर जाने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, सर्द मौसम होने के कारण परिजनों ने घर में ही इलेक्ट्रिक रॉड से पानी गर्म किया था। इसी दौरान तीन वर्षीय आयुष खेलते-खेलते बाथरूम में पहुंच गया और गर्म पानी से भरी बाल्टी में मुंह के बल गिर पड़ा। घटना होते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलसे आयुष को एटा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनकर मां सहित पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
आयुष के शव को परिजन पोस्टमार्टम की औपचारिकताओं के बाद घर लेकर रवाना हो गए। मासूम की असमय मौत से गांव का माहौल गमगीन है। पुलिस ने मामले की जानकारी होने पर मौके की स्थिति का संज्ञान लिया है।












