मैनपुरी: झोपड़ी में अचानक लगी भीषण आग, गैस सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के ग्राम मिढ़ावली खुर्द में सोमवार सुबह अचानक एक झोपड़ी में भीषण आग लग गई। आग लगने के कारण झोपड़ी में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि झोपड़ी में रहने वाले पीड़ित राजेश का परिवार—पत्नी और दो बच्चे—उस समय बाहर थे, जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया। आग के दौरान झोपड़ी में रखा घरेलू गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर के टुकड़े दूर-दूर तक जा गिरे, लेकिन गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंची। बाद में डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। कुरावली पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है।
घटना में हजारों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। पुलिस पूछताछ और जांच जारी है।












