होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, ऑटो-टैम्पो चालकों को सख्त निर्देश
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की आगामी लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर शुक्रवार को एआरटीओ कार्यालय में ऑटो, टैम्पो और ई-रिक्शा चालकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षार्थियों की सुविधा और सुचारु परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एआरटीओ प्रशासन कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि 25, 26 और 27 अप्रैल को दो पालियों में होने वाली परीक्षा में प्रत्येक पाली में करीब 7000 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें बड़ी संख्या में अन्य जनपदों से आने वाले अभ्यर्थी भी शामिल रहेंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में परीक्षार्थियों से तय किराए से अधिक वसूली नहीं की जाएगी। साथ ही चालकों से “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ व्यवहार करने की अपील की गई।प्रशासन ने चेतावनी दी कि किराया बढ़ाकर वसूली, ओवरलोडिंग या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि वाहन में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाई जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। बैठक में लगभग 42 ऑटो, टैम्पो और ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे, जिन्हें परीक्षा के दौरान बेहतर परिवहन व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।












