“बेमेतरा की बेटी ने रचा इतिहास: 12वीं में प्रदेश में द्वितीय स्थान, पार्षद नीतू कोठारी ने किया भव्य सम्मान”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा :- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में बेमेतरा जिले ने गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, बेमेतरा की वाणिज्य संकाय की प्रतिभाशाली छात्रा कु. ओमनी वर्मा ने पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र की पार्षद नीतू कोठारी ने छात्रा का मिठाई खिलाकर एवं शाल-श्रीफल भेंट कर भव्य सम्मान किया। इस अवसर पर पार्षद कोठारी ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल बेमेतरा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि एक शासकीय विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा द्वारा प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करना यह साबित करता है कि सरकारी स्कूलों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। पार्षद ने छात्रा ओमनी वर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके माता-पिता एवं शिक्षकों को भी इस सफलता का श्रेय दिया। यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।












