होली पर्व पर उज्ज्वला लाभार्थियों को बड़ी सौगात,₹1,500 करोड़ की सब्सिडी से 1.86 करोड़ परिवारों को लाभ,मा0 मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट परिसर गौतमबुद्ध नगर में हुआ सजीव प्रसारण
संवाददाता पवन सूर्यवंशी
गौतमबुद्धनगर. होली के पावन एवं उल्लासमय पर्व के अवसर पर ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन लोक भवन, लखनऊ में मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
₹1,500 करोड़ की धनराशि से प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को लाभान्वित किया गया। होली के अवसर पर दी गई यह सौगात प्रदेश सरकार की गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का परिचायक है।

इसी क्रम में जनपद गौतमबुद्धनगर के कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहीं। लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने ध्यानपूर्वक देखा।
कार्यक्रम के दौरान माननीय भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा व मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवाकांत द्विवेदी ने चयनित 50 उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की धनराशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य और सम्मान की रक्षा की है।
होली जैसे पारिवारिक एवं सामाजिक पर्व पर यह सब्सिडी आर्थिक संबल प्रदान करेगी तथा परिवारों की रसोई को और अधिक सशक्त बनाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।”
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी भू0अ0 बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम, पूर्ति निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण तथा लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।
प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि योजना के प्रथम चरण (अक्टूबर 2025 से दिसंबर 2025) तथा द्वितीय चरण (जनवरी 2026 से मार्च 2026) के अंतर्गत निशुल्क सिलेंडर रिफिल प्रदान किया जाना है। जनपद में 50 चयनित लाभार्थियों को ₹550.5 की सब्सिडी धनराशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
14.2 किलोग्राम सिलेंडर की कीमत ₹850.5 है, जिसमें ₹550.5 राज्य सरकार एवं ₹300 केंद्र सरकार द्वारा सब्सिडी के रूप में प्रदान किए जा रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर।
ये भी पढ़ें जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने सुनी जनता दर्शन में जन समस्याए












