हाथरस में बीएलओ की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिजनों ने काम के दबाव को बताया वजह
संवाददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस में सोमवार सुबह एक बीएलओ की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। सिकंद्राराऊ कस्बे के ब्राह्मणपुरी मोहल्ले के रहने वाले कमलकांत शर्मा (40) पुत्र देवेंद्र कुमार शर्मा सुबह अपने घर की सीढ़ियों से उतरते समय अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर गए, जहां से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पत्नी बोलीं— लगातार कॉल और काम के दबाव से रहते थे परेशान
मृतक की पत्नी नीलम शर्मा ने बताया कि कमलकांत पर बीएलओ की ड्यूटी का काफी दबाव था। “अधिकारियों के लगातार फोन आते थे, काम का बहुत प्रेशर था। मैंने कई बार कहा कि तनाव न लें, लेकिन वो मानते नहीं थे,”— उन्होंने कहा। परिवार के अनुसार सुबह अचानक चक्कर आने के बाद वह गिर पड़े। चार बेटों— विनायक (14), पुष्कर (10), माधव (8) और डेढ़ साल के देव— का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटा बेटा देव पिता की मौत से अनजान घर के दरवाजे पर खेलता दिखाई दिया।
अध्यापक भी थे और बीएलओ का काम भी संभाल रहे थे
कमलकांत शर्मा गांव नावली लालपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे और साथ ही बीएलओ का कार्य भी देख रहे थे।प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, डीएम बोले— मदद करेंगे
बीएलओ की मौत की सूचना मिलते ही एसडीएम और सीओ सिकंद्राराऊ मौके पर पहुंचे और परिवार से बातचीत की।
इसके बाद डीएम अतुल वत्स भी घर पहुंचे और परिजनों के साथ बैठकर संवेदना व्यक्त की।
डीएम ने कहा— “वह एक अच्छे कार्मिक थे। काम का कोई प्रेशर नहीं था। प्रशासन परिवार की हर संभव सहायता करेगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।”












