सोरों में दो समुदायों के बीच खूनी संघर्ष — फायरिंग से दहला इलाका
मंडल संवाददाता अमित चौहान
देर रात से भारी पुलिस बल व PAC तैनात
जनपद कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के लहरा रोड पर देर शाम दो समुदायों के बीच किसी पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते बड़ी मारपीट और फायरिंग में बदल गई। अचानक गोलियों की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस अधीक्षक कासगंज अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार गंगाप्रसाद, एवं क्षेत्राधिकारी सोरों सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तत्काल दोनों पक्षों को नियंत्रित करते हुए स्थिति पर काबू पाया गया। रातभर मौके पर थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी, और PAC बल तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधीनस्थों को सख्त निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। सूत्रों के अनुसार, फायरिंग में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल और PAC अभी भी तैनात है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।












