घुइसरनाथ मंदिर में चैन चोरी का खुलासा, दो महिलाएं गिरफ्तार
संवाददाता: सदानंद द्विवेदी
प्रतापगढ़ जनपद के सांगीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध बाबा घुइसरनाथ धाम में श्रद्धालुओं से सोने की चेन चोरी करने वाली दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद की है।
थाना सांगीपुर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष निगरानी और जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार की।पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं को निशाना बनाती थीं। गिरफ्तारी के बाद दोनों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों पर सतर्क रहें, आभूषण पहनकर भीड़ में सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।












