मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ ने विकास भवन का किया औचक निरीक्षण, स्वच्छता, सुव्यवस्थित कार्यालय व्यवस्था एवं सोलर पैनल स्थापना की संभावनाओं का लिया जायजा

मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ ने विकास भवन का किया औचक निरीक्षण, स्वच्छता, सुव्यवस्थित कार्यालय व्यवस्था एवं सोलर पैनल स्थापना की संभावनाओं का लिया जायजा

पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर

गाजियाबाद, 04 अगस्त 2026।मुख्य विकास अधिकारी गाजियाबाद, श्री कुमार सौरभ द्वारा आज विकास भवन के प्रथम तल, द्वितीय तल एवं छत का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों की स्वच्छता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, कार्यालयों को आवंटित स्थान के युक्तिसंगत उपयोग तथा समग्र कार्यालय व्यवस्था का विस्तृत परीक्षण किया गया।निरीक्षण में पाया गया कि प्रथम एवं द्वितीय तल पर स्थित अधिकांश कार्यालयों के बाहर विभागीय योजनाओं एवं जनसेवाओं से संबंधित सूचना बोर्ड प्रदर्शित नहीं किए गए हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यालय के बाहर विभागीय योजनाओं का स्पष्ट एवं आकर्षक सूचना बोर्ड स्थापित किया जाए, कार्यालय परिसर एवं गैलरियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, पौधों एवं गमलों का समुचित रख-रखाव किया जाए तथा अभिलेखों एवं फाइलों को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की गंदगी अथवा अव्यवस्था पाए जाने पर संबंधित कार्यालयाध्यक्ष का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन में उपलब्ध कार्यालय कक्षों एवं स्थान के प्रभावी एवं युक्तिसंगत उपयोग का मूल्यांकन करने के लिए जिला विकास अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति समस्त कार्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर उपलब्ध स्थान, कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या तथा आवश्यकतानुसार स्थान के पुनर्विन्यास के संबंध में एक सप्ताह के भीतर अपनी विस्तृत आख्या एवं अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।निरीक्षण के दौरान विकास भवन की छत का भी निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त कलेक्ट्रेट भवन की छत का भी सोलर पैनल स्थापना के संबंध में निरीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने भवन पर सोलर पैनल स्थापित किए जाने की संभावनाओं का परीक्षण करते हुए ऊर्जा संरक्षण, विद्युत व्यय में कमी तथा हरित एवं सतत प्रशासनिक व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विकास भवन को स्वच्छ, सुव्यवस्थित, जनहितैषी एवं ऊर्जा दक्ष प्रशासनिक परिसर के रूप में विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयावधि में निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें