हाथरस में 9 दिन से लापता युवक का शव नदी में मिला, परिवार ने जताई हत्या की आशंका
संवाददाता अश्वनी कुमार जिला हाथरस
हाथरस जिले के मुरसान कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब करबन नदी में एक युवक का शव बरामद हुआ। युवक पिछले 9 दिनों से लापता था। शव काफी क्षत-विक्षत और सड़ी-गली हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय रितेश उर्फ छोटू पुत्र सुग्रीव सिंह निवासी विशुनदास, थाना कोतवाली मुरसान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रितेश 13 मार्च को अपने घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिस पर परिवार ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार को स्थानीय लोगों ने करबन नदी में एक शव पड़ा देखा। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी और वह बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त कराई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि रितेश का पहले अपहरण किया गया और बाद में उसकी हत्या कर शव नदी में फेंक दिया गया। परिजनों ने मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना पर सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवक 13 मार्च से लापता था और अब उसका शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। बताया गया है कि रितेश खेती-बाड़ी का काम करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।












