मानिकपुर में दबंगई की सारी हदें पार! अधिवक्ता के परिवार पर जानलेवा हमला।
अमित तिवारी (राष्ट्रीय संवाददाता) मानिकपुर, प्रतापगढ़: आज सुबह मानिकपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर वार्ड में विवाद के दौरान दबंगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर क्षेत्र में दहशत फैला दी। प्रार्थी संजय मिश्रा के अनुसार मोहल्ले का ही बदमाश बड़ेलाल सोनकर रोज की तरह रास्ता रोककर गाड़ियों को हटाने की धमकी देता था। आज जब प्रार्थी ने आपत्ति जताई तो मामला अचानक बेकाबू हो गया।
सूत्रों के अनुसार बड़ेलाल सोनकर, उसका बेटा, और अरविंद सोनकर सहित पूरा समूह डंडा–लाठी लेकर संजय मिश्रा के दरवाजे पर चढ़ आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

हमले में संजय मिश्रा को गंभीर चोटें आईं और उनकी पत्नी पर भी जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि हमलावरों ने प्रार्थी का गला पकड़कर जान से मारने की कोशिश की और जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा।
इतना ही नहीं—पीड़ित की पत्नी जब अपने पति को बचाने दौड़ी तो हमलावरों ने उनके साथ भी घोर बद्तमीज़ी और अभद्र व्यवहार किया। गुंडों ने महिला को धक्का देकर गिराने की कोशिश की, गंदी-गंदी गालियाँ दीं और जान से मारने की धमकी दी। महिला को जबरन खींचने और दबोचने की कोशिश भी की गई, जिसका उसने जोरदार विरोध किया।
“आज जान से नहीं मारे तो कल मार देंगे… पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फँसा देंगे!”
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग और प्रार्थी का भाई मौके पर पहुंचे, तब जाकर किसी तरह पीड़ित परिवार को बचाया जा सका।
हमलावरों की इस खुलेआम गुंडई से पूरे इलाके में भय का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से तत्काल सुरक्षा देने, रिपोर्ट दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई: कुण्डा थाना क्षेत्र में स्मैक व देशी बम सहित दो अभियुक्त गिरफ्तार












