प्रतापगढ़ में निर्माणाधीन जैव विविधता पार्क का नाम
“स्वामी करपात्री जी महाराज जैव विविधता उद्यान” रखे जाने की मांग तेज
जिला संवाददाता
अवधेश चंद्र पांडेय
प्रतापगढ़ | उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रतापगढ़ जनपद में निर्माणाधीन जैव विविधता पार्क का नाम “स्वामी करपात्री जी महाराज जैव विविधता उद्यान” रखे जाने की मांग को लेकर जनपद में जनसमर्थन लगातार बढ़ता जा रहा है। यह मांग स्वामी करपात्री जी सम्मान अभियान के अंतर्गत संगठित रूप से उठाई जा रही है।इस अभियान के संयोजक राज्य युवा पुरस्कार से सम्मानित पर्यावरणविद् सुंदरम तिवारी के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से नागरिकों ने पोस्टकार्ड, पत्र एवं जनसमर्थन के माध्यम से अपनी भावनाएं राज्य सरकार तक पहुंचाई हैं। अभियान का उद्देश्य केवल नामकरण नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता को सशक्त करना है।अभियान के प्रभाव के परिणामस्वरूप प्रतापगढ़ सदर विधानसभा से भाजपा विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य एवं भारतीय जनता पार्टी, प्रतापगढ़ के जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को पत्र लिखकर जैव विविधता पार्क का नाम स्वामी करपात्री जी महाराज के नाम पर रखने का औपचारिक अनुरोध किया है।अपने पत्रों में जनप्रतिनिधियों ने उल्लेख किया है कि स्वामी करपात्री जी महाराज भारतीय दर्शन, सनातन संस्कृति, राष्ट्र चेतना एवं सामाजिक मूल्यों के महान प्रतीक रहे हैं। उनका संपूर्ण जीवन सांस्कृतिक पुनर्जागरण, राष्ट्रहित तथा प्रकृति संरक्षण के लिए समर्पित रहा। ऐसे महान विचारक के नाम पर जैव विविधता पार्क का नामकरण जनभावनाओं के अनुरूप एवं भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी होगा। अभियान संयोजक सुंदरम तिवारी ने कहा कि यह जैव विविधता पार्क पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ संस्कृति और चेतना का केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल युवाओं को भारतीय संस्कृति, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा से जोड़ने का कार्य करेगी।
जनसमर्थन, जनप्रतिनिधियों की पहल और संगठित अभियान को देखते हुए जनपद में यह उम्मीद की जा रही है कि राज्य सरकार इस प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक एवं जनहितकारी निर्णय लेगी।












