मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतापगढ़ दौरे से पहले मंडलायुक्त व आईजी ने संभाली सुरक्षा तैयारियों की कमान
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 जुलाई 2026 को प्रस्तावित प्रतापगढ़ दौरे को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त प्रयागराज सौम्या अग्रवाल एवं पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र अजय मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर तथा अन्य अधिकारियों के साथ राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान का सघन स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान वीवीआईपी सुरक्षा प्रबंधन, हेलिपैड से कार्यक्रम स्थल तक निर्धारित रूट, यातायात एवं रूट डायवर्जन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग, मंच व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा घेरा, कंट्रोल रूम, ड्यूटी प्वाइंट्स, आपातकालीन निकासी योजना, अग्निशमन एवं चिकित्सीय सहायता सहित सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने, वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएं। साथ ही पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं और कानून-व्यवस्था के प्रत्येक पहलू पर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
ये भी पढ़ें मुख्यमंत्री जनता दर्शन की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई: सैयद दरगाह के पास कब्रिस्तान से हटाया गया अवैध अतिक्रमण












