ग्रेटर नोएडा में दरिंदगी: थ्री व्हीलर से बांधकर कुत्ते को घसीटा, वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। एक बेज़ुबान कुत्ते को थ्री व्हीलर (ऑटो) के पीछे बांधकर सड़क पर घसीटने का दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे एक घायल डॉग सड़कों पर तड़पता हुआ घसीटा जा रहा है, और राहगीर इस पूरे वाकये का वीडियो बना रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ते को करीब 500 मीटर तक घसीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल डॉग को तुरंत पशु अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी थ्री व्हीलर ड्राइवर नितिन को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में नितिन ने बताया कि वह कुत्ते को थ्री व्हीलर की सीट से बांधकर कहीं ले जा रहा था, लेकिन शायद कुत्ता रास्ते में गिर गया और उसे इसका ध्यान नहीं रहा, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच जारी है। इस अमानवीय घटना को लेकर पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
आपको बता दें, पशु क्रूरता अधिनियम के तहत ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। सोशल मीडिया पर भी लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें बुजुर्ग की चीखें गूंजीं, प्रशासन खामोश: पंवास गांव में दबंगों का कहर












