चेकिंग के दौरान मुठभेड़, एक लुटेरा गिरफ्तार — एक फरार
प्रयागराज। सिटी ज़ोन पुलिस को सोमवार की रात बड़ी कामयाबी मिली, जब मेहंदौरी इलाके में चेकिंग के दौरान दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक लुटेरा पुलिस की गोली से घायल होकर पकड़ा गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना DCP सिटी मनीष कुमार शांडिल्य के निर्देशन में हुई। उनके आदेश पर ACP सिविल लाइन्स कृतिका शुक्ला के नेतृत्व में शिवकुटी पुलिस टीम मेहंदौरी इलाके में महिला अपराध से जुड़े आरोपियों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रुकने के लिए कहा, लेकिन पीछे बैठे युवक ने अचानक पुलिस पर फायरिंग कर दी। संयोग से गोली एक सिपाही को नहीं लगी। पुलिस ने भी तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए क्रॉस फायरिंग की, जिसमें पीछे बैठे बदमाश अबू उजेफा के पैर में गोली लग गई और वह बाइक से गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी अबू उजेफा नवाबगंज का रहने वाला है। उसका साथी गुफरान मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले इन दोनों ने एक महिला से चेन छीनी थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। DCP सिटी ने महिला अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिसके बाद पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर यह चेकिंग अभियान चलाया था।
ये भी पढ़ें Fatehpur: कच्चा मकान ढहने से सो रहे पांच लोग दबे, एक की मौत और चार गंभीर घायल












