एटा पुलिस ने 48 घंटे में खोला छात्रा हत्याकांड का राज: दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी मनोज गिरफ्तार।
संवादाता अमन अहमद
एटा जिले के थाना सकीट क्षेत्र में BA की छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के जघन्य मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। पुलिस की विशेष टीमों ने लगातार पीछा करते हुए गांव के ही युवक मनोज को गिरफ्तार कर लिया, जिसने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। जानकारी के अनुसार छात्रा घर से गोबर डालने के लिए निकली थी, तभी आरोपी मनोज ने उसे सरसों के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने छात्रा की हत्या कर दी और घटना को छिपाने के लिए शव को पास के नाले में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका की घड़ी भी बरामद कर ली, जो इस मामले में अहम सबूत साबित हुई।
एसपी एटा के निर्देश पर बनी टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी तक पहुंचते हुए मामले को तेजी से सुलझाया। पुलिस की इस कार्रवाई की इलाके में व्यापक सराहना हो रही है, वहीं ग्रामीणों ने आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।












