जलेसर के प्राइवेट क्लीनिक में प्रसूता की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
संवाददाता योगेंद्र सिंह
एटा। जनपद के जलेसर कस्बे में स्थित सिंह क्लीनिक में डिलीवरी के दौरान एक प्रसूता महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान संगीता पत्नी अर्जुन सिंह निवासी देवकरनपुर थाना जलेसर के रूप में हुई है। संगीता का मायका गढ़िया थाना सिकंद्राराऊ, जनपद हाथरस में है।घटना को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्लीनिक में बिना किसी विशेषज्ञ डॉक्टर की मौजूदगी के देर रात ऑपरेशन नर्सों द्वारा कराया गया, जिसके चलते संगीता की मौत हो गई। आरोप है कि मौत के बाद परिजनों को बिना बताए क्लीनिक संचालक ने अपनी एम्बुलेंस से महिला को आगरा ले जाने की बात कहकर शव को बीच रास्ते दूसरी एम्बुलेंस में ₹1500 देकर जलेसर छोड़वा दिया।मृतका के पति ने बताया कि वह बाइक से पीछे-पीछे चल रहे थे, लेकिन क्लीनिक संचालकों ने उन्हें रास्ते में ही छोड़ दिया। वहीं, क्लीनिक प्रबंधन ने मृतका के घर पहुंचने से पहले ही तहसीलदार और जलेसर पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। आरोप है कि क्लीनिक संचालक के पक्ष में पहले से ही बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिनसे पंचनामा भरवाकर शव को आनन-फानन में पोस्टमार्टम हाउस एटा भेज दिया गया।
घटना से मृतका के परिजनों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। फिलहाल, यह खबर कॉलर की सूचना पर आधारित है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।












