एटा में खेत जाते समय सड़क हादसे में किसान की मौत: तेज रफ्तार डस्टर कार ने मारी टक्कर, परिजनों में कोहराम
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। नयागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम हुए एक सड़क हादसे में खेत पर जा रहे किसान की दर्दनाक मौत हो गई। नगला गड़ा गांव के पास तेज रफ्तार डस्टर कार ने पैदल जा रहे मोहरपाल पुत्र रूपराम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर नयागांव कोतवाली पहुंचे और फकीरपुरा निवासी अभिषेक पुत्र रामसिंह पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। मृतक के बेटे अभिषेक ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह खेत पर काम करने जा रहे थे, तभी पास के गांव फकीरपुर के चालक ने तेज रफ्तार डस्टर गाड़ी से टक्कर मार दी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस मामले में नयागांव थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल थाने में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।












