हाथरस में अंतिम मतदाता सूची जारी, 10.43 लाख मतदाता दर्ज

हाथरस में अंतिम मतदाता सूची जारी, 10.43 लाख मतदाता दर्ज

संवाददाता अश्वनी कुमार जिला हाथरस

हाथरस में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिले में कुल 10,43,386 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने पुनरीक्षण कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से कार्य करने के लिए सराहना दी। साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम निर्वाचक नामावली की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं। जिलाधिकारी ने मतदाता सूची के अद्यतन और प्रक्रिया संबंधी जानकारी देते हुए चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में सभी दलों के सहयोग के लिए आभार जताया।
बैठक में भाजपा से सुनील वर्मा एडवोकेट, सपा से जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा व जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, बसपा से जिलाध्यक्ष राजकपूर, कांग्रेस से जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय व जिला महासचिव श्रीकृष्ण एडवोकेट सहित उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, हाथरस विधानसभा क्षेत्र में 237 मतदान केंद्रों और 475 मतदेय स्थलों पर कुल 3,69,865 मतदाता हैं, जिनमें 2,01,086 पुरुष, 1,68,775 महिला और 4 अन्य मतदाता शामिल हैं।
सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में 300 मतदान केंद्रों और 463 मतदेय स्थलों पर कुल 3,41,533 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 1,88,338 पुरुष, 1,53,192 महिला और 3 अन्य मतदाता शामिल हैं।
वहीं सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र में 299 मतदान केंद्रों और 452 मतदेय स्थलों पर कुल 3,31,988 मतदाता हैं, जिनमें 1,81,769 पुरुष, 1,50,210 महिला और 9 अन्य मतदाता शामिल हैं।
पूरे जनपद में कुल 5,71,193 पुरुष, 4,72,177 महिला और 16 अन्य मतदाताओं के साथ कुल मतदाताओं की संख्या 10,43,386 दर्ज की गई है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें