वोटर्स पेंशन की मांग को लेकर निकला मोर्चा
संवाददाता – पंकज मिश्रा, मैनपुरी
मैनपुरी। वोटर्स इंटरनेशनल पार्टी ने सोमवार को वोटर्स के हितों को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के पदाधिकारियों ने सरकार से वोटर्स पेंशन योजना लागू करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब विधायकों और सांसदों को उनके कार्यकाल के बाद आजीवन पेंशन दी जाती है, तो जिन वोटर्स के कारण वे सत्ता में आते हैं, उन्हें भी पेंशन का अधिकार मिलना चाहिए। वोटर्स इंटरनेशनल पार्टी के नेताओं ने कहा कि देश के हर मतदाता को सम्मान और सुरक्षा की भावना तभी मिलेगी, जब सरकार उन्हें भी एक न्यूनतम पेंशन प्रदान करेगी।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी शक्ति मतदाता हैं, और यदि वही उपेक्षित रहेंगे तो लोकतंत्र अधूरा रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा और जल्द से जल्द वोटर्स पेंशन लागू करने की मांग की।












