प्रतापगढ़ | गंगा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर भव्य उद्घाटन समारोह, विकास को मिलेगी नई रफ्तार
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़ जनपद के सोना सरैया स्थित गंगा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर बुधवार को भव्य उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने फीता काटकर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान मंच पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। आयोजन स्थल पर हरदोई में आयोजित मुख्य उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी, जहां उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने गंगा एक्सप्रेसवे को प्रदेश के विकास की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से आवागमन बेहद सुगम होगा और व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे प्रतापगढ़ सहित आसपास के जिलों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आगे भी पढ़े स्वतंत्रता सेनानी के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला












