उज्जैन में गर्मी का कहर: पारा 43°C के पार, सीजन का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
संवाददाता: संतोष यादव, उज्जैन
उज्जैन में 25 अप्रैल का दिन भीषण गर्मी के प्रकोप के नाम रहा। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। शहर के प्रमुख मार्गों पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा, जबकि धार्मिक स्थल महाकाल लोक भी गर्मी के कारण तपता हुआ नजर आया। आम दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही काफी कम देखने को मिली। शासकीय जीवाजी गंज वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार, उज्जैन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी के चलते लोग जरूरी कामों के अलावा घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर वीरानी छाई रही। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।












