मैनपुरी में मदार दरवाजे पर भीषण आग, नर्सिंग होम और ई-रिक्शा गोदाम जली
संवाददाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। शहर के देवी रोड स्थित मदार दरवाजे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नर्सिंग होम और इलेक्ट्रिक रिक्शा की गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि आग देर शाम लगी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम में खड़ी ई-रिक्शाओं और बैटरियों के कारण आग तेजी से फैल गई। नर्सिंग होम में मौजूद मरीजों और स्टाफ को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने आसपास की इमारतों तक आग फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी की बौछार की। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद रही और हालात पर नजर बनाए रखी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।












