ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम छात्रा की मौत, आरोपी चालक फरार
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के भंगवा गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा एक की छात्रा की मौत हो गई। स्कूल से घर लौट रही मासूम रितिका को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल रितिका को तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर नगर कोतवाल सुभाष चंद्र और चौकी प्रभारी अमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजन आरोपी ट्रैक्टर चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।












