भोगांव में छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी
संवाददाता पंकज मिश्रा
मैनपुरी। थाना भोगांव क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां जैन समाज के लोगों ने महिलाओं के साथ हुई छेड़छाड़ और युवक पर हुए हमले के विरोध में मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। जैन समाज के लोगों ने बताया कि कुछ माह पूर्व मंदिर जाते समय क्षेत्र के कुछ युवकों ने महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की थी। उसी दौरान एक युवक ने विरोध किया था, जिसके चलते थाना भोगांव में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि उसी घटना का बदला लेते हुए बीते दिनों जब युवक अपने घर विवाह समारोह से लौट रहा था, तब रास्ते में आरोपियों ने पीछे से हमला कर दिया। इस घटना की शिकायत थाने में देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना पुलिस की निष्क्रियता से नाराज होकर जैन समाज के लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपी युवकों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।
पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।












