एटा में युवक ने की आत्महत्या: खेतों में पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी।
संवादाता अमन अहमद।
एटा। मिरहची थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर बझेड़ा गांव में सोमवार रात एक 18 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव गांव के बाहर खेतों में पेड़ से लटका मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजकुमार के पुत्र अवनीश के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मिरहची थाना प्रभारी कपिल कुमार नैन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए वीरांगना अवंतीबाई लोधी मेडिकल कॉलेज, एटा भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि चार-पांच दिन पहले अवनीश का पड़ोसियों से शराब के नशे में विवाद हुआ था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।












